आस्था / 2023-09-10 21:31:42

शोभायात्रा में श्रद्धा से लोग शामिल हुए, लगाया जयकारा. (मृत्युंजय शांडिल्य)

फारबिसगंज(अररिया)....फारबिसगंज में महावीरी झंडा शोभायात्रा धूमधाम व पूरे उत्साह के साथ निकाला गया। इस दौरान पूरा शहर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से गुंजयमान रहा। जगह जगह बड़े बड़े तोरणद्वार और भगवा ध्वज से पूरा फारबिसगंज भगवामय हो गया। पुलिस व प्रशासन की सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी जगह शांति व सद्भाव का माहौल बना रहा, प्रशासनिक अधिकारी लगातार चौकसी में जुटे रहे। जगह जगह दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के साथ जवानों की तैनाती की गई थी। पुलिस जिला के विभिन्न क्षेत्रों में महावीरी अखाड़ा व पूजा समितियों ने प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए जुलूस निकाला। युवाओं के द्वारा जमकर अपने करतब भी दिखाए। इस दौरान जुलूस और अखाड़ा देखने के लिए लोगो का भीड़ सड़कों के किनारे उमड़ा रहा। दरभंगिया टोला पहुँचते हीं बड़ी मस्जिद के ईमाम ने पंडित कौशल किशोर दुबे का माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं शोभायात्रा में शामिल अखाड़ा के युवाओं ने कलाबाजी भी दिखाई। युवाओं ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। इस दौरान कई झांकियां भी निकाली गई। महाबली हनुमान और महादेव को देखने लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।प्रशासन द्वारा तय समय पर सभी अखाड़ा का जुलूस निकाला गया।जुलूस में सबसे आगे बजरंग बली की प्रतिमा थी। विधि व्यवस्था की कोई समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए अनुमंडल प्रशासन ने पुलिस जिला के विभिन्न जगहों पर दंडाधिकारी की तैनाती की थी।सभी दंडाधिकारी व सुरक्षा में लगे जवान पूरी मुस्तैदी के साथ अपने अपने प्रतिनियुक्ति स्थान पर देर शाम तक मुस्तैद रहे।स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल टीम का गठन किया गया था। पीएचसी प्रभारी डॉ. रेश्मा रजा नीरज ने बताया कि आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम की तैनाती की गई थी। यह टीम पूरे दिन नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पूरी मुस्तैदी के साथ मॉनिटरिंग करती रही। शोभायात्रा में अररिया पुलिस अधीक्षक अशोक सिंह, फारबिसगंज डीएसपी खुशरू सिराज, अनुमण्डलाधिकारी रोजी कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार, अंचलाधिकारी संजीव कुमार, थाना प्रभारी आफताब आलम पूरे शोभायात्रा में मुस्तैदी के साथ चलते रहे और सुरक्षा व्यवस्था की मोनेटरिंग करते रहे। शोभायात्रा में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का जमघट लगा। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए भी ये शोभायात्रा महत्वपूर्ण है। विशेषज्ञों का कहना है महावीरी झंडा शोभायात्रा हो या रामनवमी रथयात्रा इसमें शामिल होने वाली भीड़ समीकरण बनाते हैं। इसमें खास कर भाजपा के लिए बड़ी संभावना बनती है। यही कारण है कि इस तरह के आयोजन में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता परोक्ष और अपरोक्ष रूप से सक्रिय रहते हैं। हालाँकि इस तरह के आयोजन शुद्ध रूप से गैर राजनीतिक होते हैं लेकिन राजनीतिक दल इसमें अपना हित खोज हीं लेते हैं। आज के शोभायात्रा में अररिया सांसद प्रदीप सिंह, फारबिसगंज विधायक मंचन केसरी, श्रीराम सेना के अध्यक्ष प्रदीप देव, पूर्व प्रमुख विजय यादव, नप अध्यक्ष बिना देवी, नप उपाध्यक्ष प्रतिनिधि बुलबुल यादव, किमी आनंद, पूर्व नप अध्यक्ष अनूप जयसवाल, चांदनी देवी, गुंजन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, अररिया संघ संचालक सचिदानंद मेहता, पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल, प्रताप नारायण मंडल,संजय शर्मा, श्वेताव मिश्र, संतोष मिश्रा, आशीष विद्यार्थी, सत्या ठाकुर, जीप सदस्य कलबी देवी, राजद के जिला महासचिव अरुण यादव, अमित पूर्वे, वाहिद अंसारी सहित अन्य राजनीतिक दल के कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद थे।इस ऐतिहासिक महावीरी झंडा शोभायात्रा में ग्रामीण क्षेत्र की जबर्दस्त भागीदारी रही।अखाड़ों से आये आकर्षक झाँकी ने शहरवासियों का मन मोह लिया। ग्रामीण क्षेत्र से आये युवा जय श्री राम का जयघोष करते शहर में प्रवेश किया तो जैसे फारबिसगंज ठहर सा गया। लोग घर के छतों पर खड़े होकर इस दृश्य को आँखों में समा लेने को आतुर थे। परवाहा, सैफगंज, हरिपुर, ढोलबज्जा, मटियारी, किरकीचिया, अमहरा, खैरखां, बथनाहा, रमई, खबासपुर, सिरसिया, पोठिया, सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से आये युवा शोभायात्रा में चार चाँद लगा रहे थे। ढोलबज्जा से आये झाँकी की चर्चा जोरों पर थी।

Latest News

Tranding

© NetworldIndia. All Rights Reserved. Designed by Networld